बेलीपर में लूट के बाद एक बार फिर हवाला के धंधा का सच सामने आ गया है। पुलिस ने लूट मानकर पर्दाफाश कर पूरी रकम को बरामद तो कर लिया, लेकिन अब मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लेकर हवाला के धंधेबाजों पर कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया है। अब पुलिस को जांच करनी होगा। एसएसपी का कहना है कि जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, 24 दिसंबर की रात में बेलीपार इलाके के जीतपुर गांव के पास धस्का निवासी सुजीत से 12 लाख रुपये की लूट हुई थी। पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया। घटना के बाद सुजीत ने बताया था कि उसके रिश्तेदार का भाई बैंकाक में रहता है और उसी ने घर बनवाने के लिए रुपये भेजे थे।
पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो खुद सुजीत ने ही दी तहरीर में लिख दिया कि उसने घंटाघर के एक व्यापारी से 12 लाख रुपये लिए थे और फिर अपने दोस्त शिवम को तीन लाख रुपये देकर आगे जा रहा था कि लूट हो गई। पुलिस ने लूट के एंगल पर काम किया और घटना का पर्दाफाश कर सात बदमाशों को गिरफ्तार कर पूरी रकम की बरामदगी भी कर दी।
पुलिस इस ओर ध्यान नहीं दी कि रकम किसकी थी और कहा से आया था। अब हवाला का मामला सामने आने को लेकर सीएम ने इसे गंभीरता से लिया है। सीएम की ओर से प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने एसएसपी को पत्र जारी कर पूरे प्रकरण की जांच कर हवाला के धंधेबाजों पर कार्रवाई का आदेश दिया है। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।