जनता दर्शन में एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने से उसके पास पक्का आवास नहीं है, साथ ही जमीन पर दबंग ने कब्जा कर लिया है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द जमीन कब्जा से मुक्त कराकर महिला को वापस दिलाने का आदेश दिया।
सीएम योगी ने महिला से कहा, परेशान मत हों। जमीन खाली कराकर वापस तो दिलाएंगे ही, उस पर प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना से पक्का आवास भी बनवाएंगे। जमीन पर कब्जा संबंधी सभी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दबंगों व भू माफिया को करारा कानूनी सबक सिखाकर जमीनों को कब्जे से मुक्त कराएं।
हर बार की तरह शनिवार को भी कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि इलाज में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भरपूर मदद मिलेगी। इसे लेकर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित की इलाज संबंधी इस्टीमेट की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कर शासन में भेजें। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को उन्होंने दुलारा और आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दिया।