मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोनिवि के अफसरों को निर्देश दिया है कि 10 जनवरी तक मोहद्दीपुर-जंगल कौड़िया फोरलेन का काम शहर की सीमा तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने खिचड़ी मेला क्षेत्र को नो प्लास्टिक जोन घोषित करने के साथ ही जल्द सभी तैयारियां पूरी कर लेने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि व्यापार मंडल के सहयोग से अपील की जाए कि श्रद्धालु चढ़ाने के लिए खिचड़ी जूट के झोले या कागज के पैकेट में ही लाएं।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने शनिवार को लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों से मंदिर लौटने के बाद खिचड़ी मेला, गोरखपुर महोत्सव और सड़कों के निर्माण कार्यों के संबंध में अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस को श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने को कहा। डीएम से कहा कि ठंड को देखते हुए मेला परिसर में जगह-जगह अलाव और कंबल की व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं को राशन और हेल्थ कैंप की सुविधा सुनिश्चित की जाए। कैंपियरगंज से गोरखनाथ मंदिर लौटते वक्त मुख्यमंत्री ने मोहद्दीपुर-जंगल कौड़िया के निर्माण कार्य को भी देखा।
उन्होंने कहा कि शहर में सभी स्ट्रीट लाइट जलनी चाहिए। पोल पर एलईडी लाइट लगाई जाए। उन्होंने पुलिस के अफसरों से कहा कि मेले तक मंदिर की ओर आने वाली सड़कों पर रूट डायवर्जन कर ट्रैफिक लोड कम किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो। उन्होंने मेले में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। बैठक में कमिश्नर जयंत नार्लिक, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, जीडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह आदि अफसर मौजूद थे।