मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तीसरी लहर से बचाव के लिए सरकार तैयार है। मेडिसिन किट चार चरणों में 25 जून से गांव-गांव बच्चों के लिए अभी से उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा ऐसे अभिभावक जिनके बच्चों की उम्र 12 वर्ष तक है, उन्हें विशेष शिविर में टीके लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है।
कोरोना से निराश्रित महिलाओं को योग्यता के मुताबिक काम देगी सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना के कारण निराश्रित महिलाओं के लिए सरकार योजना बना रही है। शिविर लगा कर ऐसी महिलाओं की पेंशन के फार्म भरवा कर पेंशन दी जाएगी। इन महिलाओं को उनकी योग्यता के मुताबिक काम दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत कोरोना काल में जिन बच्चों ने अपने माता-पिता को खोया है, उनके विधिक अभिभावकों के खाते में जल्द ही चार-चार हजार रुपये भेज दिए जाएंगे। उन्हें यह सहायता हर माह मिलेगी। इन बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य से लेकर उनके रहने तक की व्यवस्था सरकार करेगी।
उन्होंने कहा कि समाज का जागरूक नागरिक होने की वजह से हम सभी की जिम्मेदारी है कि जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति सहानुभूति दिखाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पटरी व्यावसाइयों की मदद की जा रही है।