सीएम योगी ने कहा कि सिर्फ आंकड़ों पर विश्वास करके निश्चिंत नहीं बैठना है बल्कि लोकसभा चुनाव में वोट और बूथ केंद्रित व्यवस्था पर अधिक ध्यान देना है। बूथ समिति, पन्ना प्रमुख और सामाजिक टोली भाजपा के लिए सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं।
बूथ समिति के पास संबंधित बूथ के एक एक वोटर का ब्योरा होना चाहिए। पन्ना प्रमुखों का उस ब्योरे के अनुरूप मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क और संबंध होना चाहिए। हर मतदाता से अधिकाधिक और बारंबार संपर्क होना चाहिए।
बूथ क्षेत्र में जितने घर हैं, उनसे संपर्क करें। केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों व विकास योजनाओं की जानकारी आमजन को दें। जिन विकास कार्यों को हम बोल रहे हैं, उसे जनता बोलने लगे तो हमारा कार्य आसान हो जाएगा।
इसके समानांतर सामाजिक टोली समाज के हर वर्गों के लोगों तक जनसंपर्क करती रहे। निरंतर जनसंपर्क की जिम्मेदारी सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी उठानी है। शिक्षक, अधिवक्ता, अधिकारी, कर्मचारी, चिकित्सक, व्यापारी, सामाजिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संगठन सबसे मिलना है।
उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को बताकर फिर एक बार मोदी सरकार के नारे को साकार करना है। इसके लिए भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि स्थानीय स्तर पर पूरी ताकत झोंक दें।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सीएम योगी का स्वागत अभिनंदन किया
- फोटो : अमर उजाला
हाथ जोड़कर नमन करते हुए सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
हर विधानसभा क्षेत्र में हो टिफिन बैठक
सीएम योगी ने कहा कि चुनाव में जनसंपर्क और आपसी संवाद लगातार होते रहना चाहिए। इसके लिए स्थानीय पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर हर विधानसभा क्षेत्र में टिफिन बैठक करें। इस बैठक में चुनाव को लेकर अब तक हुए कार्य और आगे के कार्यों पर मंथन हो।
भाजपा के स्थापना दिवस पर बूथ के कार्यों का होगा सत्यापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर अन्य कार्यक्रमों के साथ ही चुनाव को लेकर बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों द्वारा अब तक किए गए कार्यों का सत्यापन भी किया जाएगा।
भीषण गर्मी में मतदान, प्रबंधन की अभी से करें तैयारी
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर में चुनाव सातवें चरण में है। यहां मतदान एक जून को है। इस दौरान भीषण गर्मी होगी। प्रतिकूल मौसम में बूथ प्रबंधन व जनसंपर्क किसी भी तरह प्रभावित न हो, इसकी तैयारी अभी से करनी होगी। हर मतदाता भीषण गर्मी में भी मतदान करने पहुंचे, इसकी जिम्मेदारी बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों की होगी।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने की। इस अवसर पर गोरखपुर के सांसद रविकिशन, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, संतकबीरनगर के सांसद प्रवीण निषाद, गोरखपुर के महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, तीनों लोकसभा प्रभारी, संयोजक, विधानसभा प्रभारी, संयोजक, सभी विधायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी आदि मौजूद रहे।