स्वास्थ्य केंद्र पर जुटे परिजन व स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
बीते 28 मार्च को टीकाकरण होने के बाद से एक सप्ताह तक बुखार से पीड़ित एक नौ माह की बच्ची का बृहस्पतिवार की सुबह मौत हो गई। नाराज परिजनों ने टीकाकरण कर रही एएनएम व आशा पर टीकाकरण में लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज दिया है।
कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के गांव जंगल पिपरासी के मुन्ना यादव पुत्र विभूति यादव ने थानाध्यक्ष कुबेरस्थान को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि बीते 28 मार्च को गांव के पंचायत भवन पर कैंप लगाकर टीकाकरण हो रहा था, जिसमें उनके नौ महीने की बेटी को एएनएम व आशा द्वारा एक ही साथ पांच इंजेक्शन लगा दिया गया।
इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद से ही बच्ची को बुखार हो गया। बुखार होने की सूचना परिजनों ने कई बार एएनएम और गांव के आशा को दिया परन्तु इन लोगों ने यह कहते हुये टाल दिया कि टीकाकरण के बाद बच्चों को बुखार आता है।
बुधवार की शाम जब बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो गई तो परिजन उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुबेरस्थान लेकर पहुंचे, जहां उसका ईलाज हुआ। रात भर में जब बच्ची को दवा से फायदा नहीं हुआ तो परिजन उन्हें पुनः बृहस्पतिवार की सुबह लेकर सीएचसी आ रहे थे कि रास्ते मे ही बच्ची की मौत हो गई।