गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपना बूथ मजबूत किया। उन्होंने कहा कि बूथ जीता, तो चुनाव जीता मंत्र के साथ आगे बढ़ना है। हर बूथ पर ज्यादा से ज्यादा वोट पड़े, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बूथ इकाई की है। सक्रियता बढ़ाकर बूथ पर भाजपा को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने बशारतपुर के एक बैंक्वेट हॉल में कम मतदान वाले पांच बूथों के पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया। मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। भाजपा कार्यकर्ता हर लाभार्थी और आम लोगों से संवाद करें। भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाएं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि हर बूथ की महिलाओं को टीम से जोड़ें। उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों में आमंत्रित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीदों के परिवार के सदस्यों को भी पार्टी के कार्यक्रमों में बुलाएं और सम्मानित करें। समस्याओं के समाधान के लिए सिर्फ बातचीत न करें, बल्कि समाधान भी कराएं। बूथों पर रोजगार के साधन क्या हैं? रोजगार बढ़ाने के लिहाज से क्या किया जा सकता है, इसकी जानकारी जुटाएं। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, बृजेश कुमार, चंदन आर्य मौजूद रहे।