फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा की तरह रोजाना राप्ती में भी कराएं आरती : योगी आदित्यनाथ

Wed, 17 Feb 2021 11:33 AM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।
विज्ञापन
गोरखपुर राप्ती तट पर सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आह्वान किया कि गंगा की तरह रोजाना राप्ती की भी आरती की जाए। इसके लिए गुरु गोरक्षनाथ घाट और श्रीराम घाट पर अलग से निर्माण कराया गया है। प्रशासन स्थानीय लोगों की मदद से एक कमेटी गठित करे जो रोजाना आरती की व्यवस्था सुनिश्चित करे।  
विज्ञापन


मुख्यमंत्री गोरखपुर के राप्ती नदी के तट पर बने गुरु गोरक्षनाथ घाट और श्रीराम घाट के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जिसकी पूजा करते हैं, उसके अनुरूप बनना चाहते हैं। नदी की पूजा करने पर नदी जैसी निर्मलता, अविरलता और पवित्रता का ध्येय होना चाहिए। इसी ध्येय के संदर्भ में नमामि गंगे योजना की उपलब्धि का उल्लेख किया और कहा कि प्रयागराज में गंगा का जल स्नान ही नहीं आचमन योग्य है। राप्ती नदी के बारे में भी हमें ऐसा ही सोचना होगा। सीएम ने कहा कि नदी में कचरा फेंकना पाप है, ऐसे में हमें संकल्प लेना होगा कि नदी में गंदगी नहीं करेंगे। प्रशासन को भी निर्देशित किया जा रहा है कि राप्ती नदी में सीवर या ड्रेनेज नहीं गिरना चाहिए।  
 
अब घाट की तलाश में दूसरी जगह नहीं जाना पड़ेगा
सीएम ने कहा कि सरकार ने ऐसी व्यवस्था बना दी है कि पर्व त्योहार व पवित्र स्नान काल में राप्ती में डुबकी लगाकर लोग कह सकते हैं कि हमने भी अपनी पावन गंगा में डुबकी लगाई है। अब उन्हें किसी घाट की तलाश में दूसरी जगह नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यहां बने घाटों को सभी लोग अच्छा बताते हैं, लेकिन अब इनके संरक्षण का दायित्व जनता का है। मुख्यमंत्री ने घाटों के बेहतर निर्माण के लिए जल शक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, सिंचाई विभाग और प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी के बीच बेहतर समन्वय से समय पर इन घाटों का इतना भव्य निर्माण हो सका।
विज्ञापन

अगले महीने चिड़ियाघर की भी मिलेगी सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में ढेर सारी विकास योजनाओं को गति दी गई है। रामगढ़ताल में जल्द वाटर स्पोर्ट्स की व्यवस्था होगी। ताल में सी प्लेन भी उतारने का इंतजाम होगा। इस माह के अंत तक या अगले माह मार्च में चिड़ियाघर की भी सौगात मिल जाएगी। बच्चों का ज्ञानार्जन के साथ मनोरंजन होगा तो बड़े भी कुछ क्षण प्रकृति के संग बिता सकेंगे। उन्होंने कहा कि सड़कें टू लेन से फोर लेन और सिक्स लेन तक बनाई जा रही हैं। अच्छी सड़कें विकास का आधार बनती हैं। विकास से रोजगार की संभावना बढ़ती है और पलायन रुकता है।
 
तेज गति से विकास ही योगी सरकार का एजेंडा : डॉ. महेंद्र
राप्ती तट पर लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह ने कहा कि योगी सरकार तीन एजेंडे पर काम करती है। विकास, चतुर्दिक विकास और तीव्र गति से विकास। पूरे प्रदेश में इसे देखा जा सकता है। कोरोना काल में विश्व स्वास्थ्य संगठन और टाइम मैगजीन ने योगी सरकार के कोरोना पर काबू पाने के उपायों की सराहना की है। कोरोना काल में जब सब कुछ ठप था, तब यूपी में योगी सरकार चीनी मिलों को चलाकर किसानों की सुध लेती रही।

600 किमी लंबी राप्ती नदी में पहली बार सीएम योगी के नेतृत्व में बाढ़ को नियंत्रित करने की दिशा में ठोस काम किए गए। मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर नदियों को चैनलाइज किया जा रहा है, ड्रेजिंग की जा रही है, ताकि नदियां वास्तविक धारा से ही बहें। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में इतने विकास कार्य किए हैं कि यहां के लोग दुनिया में जहां भी जाएंगे उन्हें योगी के नाम पर पहचान और पूरा सम्मान मिलेगा।
विज्ञापन

...और हंसी नहीं रोक पाए सीएम

स्वागत संबोधन के दौरान गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने कुछ अनूठे अंदाज में राप्ती तट पर बने घाटों की सफाई बनाए रखने के लिए जनता का आह्वान किया। उनके संदेश को सुनकर मंच पर मौजूद सीएम से लेकर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हर कोई हंसता रह गया। उन्होंने भोजपुरी में कहा कि राप्ती नदी के घाट पे एहसे पहिले का होत रहे सब के मालूब बा। भोरे-भोरे सब लोग आ जात रहले। राप्ती नदी माई के भी केतना दुख होत होई, केहू नाहि सोचे। आज यह जो भव्य माहौल बनल बा...सोचिए यहां पे आपकी मृत्यु होगी तो डायरेक्ट स्वर्ग जाओगे... मगर स्वर्ग वही जाएगा जो घाट की सफाई बनाए रखेगा... गंदा नहीं करेगा।    
 
ये भी रहे मौजूद
बांसगांव सांसद कमलेश पासवान, राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद, मेयर सीताराम जायसवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ विमलेश पासवान, संत प्रसाद, जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव टी वेंकटेश, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजितांशु सिंह आशु, डॉ सत्येंद्र सिन्हा, प्रदीप शुक्ला, बृजेशमणि मिश्र, बृजेशराम त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश महामंत्री पीके मल्ल, ऋषि मोहन वर्मा, रणंजय सिंह जुगनू समेत बड़ी संख्या में भाजपा व हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
 
100 दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के उपरांत 100 दिव्यांगजन को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भी वितरित की। इसके पहले मुख्यमंत्री 13 जनवरी को गोरखपुर महोत्सव व 4 फरवरी को चौरीचौरा महोत्सव में भी 100-100 दिव्यांगजन को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल की सौगात दे चुके हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें