गोरखपुर के सैनिक स्कूल में अगले सत्र से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैनिक स्कूल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि हर हाल में मार्च 2023 तक निर्माण कार्य पूरा हो जाए।
उन्होंने निर्माण की स्थलीय प्रगति जानने के साथ इसके मैप को भी देखा और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
खाद कारखाना परिसर में बन रहे सैनिक स्कूल का निरीक्षण करने के दौरान सीएम योगी ने कहा कि यह स्कूल गोरखपुर समेत समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश का गौरव बनेगा। इस स्कूल में दाखिले के साथ छात्रों को राष्ट्रीयता का पाठ पढ़ते हुए देश सेवा का अवसर मिलने लगे, इसके लिए हमारी हरहाल में कोशिश होनी चाहिए कि अगले शैक्षिक सत्र से यहां पढ़ाई शुरू हो जाए। साथ ही कहा कि यहां का कैंपस भारतीयता की भावना से ओतप्रोत होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम विजय किरन आनंद समेत कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
50 एकड़ में बन रहा है सैनिक स्कूल
गोरखपुर का सैनिक स्कूल खाद कारखाना परिसर में आवंटित 50 एकड़ भूमि पर बन रहा है। इसका शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 जुलाई 2021 को किया था। ‘युवाओं को शिक्षा, देश की रक्षा’ के ध्येय से निर्माणाधीन इस शैक्षिक प्रकल्प में कक्षा 6 से 12 तक बालक-बालिकाओं को आवासीय व्यवस्था के तहत शिक्षा प्रदान की जाएगी।
छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग कैंपस होगा। स्कूल का प्रशासनिक भवन प्राचीन भारतीय संस्कृति व परंपरा का दर्शन कराने वाला होगा। यहां बनने वाले हॉस्टल राष्ट्र नायकों के नाम से समर्पित होंगे। साथ ही कैंपस के अलग-अलग स्थानों का नामकरण सेना के जांबाजों के नाम पर किया जाएगा। खेलकूद की गतिविधियों के लिए कई खेल कोर्ट व मैदान भी विकसित किए जाएंगे।