प्रदेश सरकार ने उद्यमियों, व्यापारियों, जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और जन सहयोग से कायाकल्प योजना के तहत पिछले दो साल में 92 हजार प्राथमिक विद्यालयों को बच्चों के पढ़ने की उन्नत व्यवस्था से लैस किया है। यही कारण है कि जहां इन सरकारी विद्यालयों में 1.30 करोड़ बच्चे पढ़ते थे वहीं अब 1.80 करोड़ बच्चे पढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ये बातें गीडा स्थित अंग्रेजी माध्यम के मॉडल प्राइमरी विद्यालय की नवनिर्मित और जीर्र्णोद्धार की गई इमारत के लोकार्पण कार्यक्रम में कहीं।
इंडिया ग्लाईकॉल्स लिमिटेड गीडा की ओर से इस विद्यालय का जीर्णोद्धार, नव निर्माण और सौंदर्यीकरण कराए जाने पर मुख्यमंत्री ने कंपनी प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित किया। लोकार्पण के बाद जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में जब हमारी सरकार आई थी तब हम लोगों ने प्रदेश के उद्यमियों, व्यापारियों से जनप्रतिनिधियों, और पुलिसकर्मियों से आह्वान किया था कि प्रदेश में 1.58 लाख से अधिक बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं।
यह चुनौतीपूर्ण कार्य है
एक साथ 1.58 लाख विद्यालयों में सरकार वहां के आधारभूत ढांचे को मदद दे यह चुनौतीपूर्ण कार्य है। यदि सरकार के साथ जन सहभागिता हो जाए तो हम सभी इन कार्यों को आगे बढ़ा देंगे। हमने दो साल में 92 हजार विद्यालयों को जन सहयोग और सहभागिता के जरिये बालक-बालिकाओं के पढ़ने के लायक बनाया।
इसका परिणाम यह हुआ कि पहले इन बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में 1.30 करोड़ विद्यार्थी पढ़ते थे अब 1.80 करोड़ बच्चे पढ़ रहे हैं। इन बच्चों के लिए सरकार के स्तर से बैग, दो यूनिफार्म, कॉपी-किताब, जूते-मोजे, स्वेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके साथ ही शिक्षकों की कमी को भी समयबद्ध ढंग से दूर किया जा रहा है। कार्यक्र्रम में सांसद रवि किशन, विधायक शीतल पांडेय, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के उपाध्यक्ष अश्वनी त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश युवा कल्याण विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. विभ्राट चंद कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्टिर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुमन सिंह, रमेश सिंह, परशुराम शुक्ल, सुरेंद्र सिंह सोलंकी, नागेंद्र सिंह, आईजीएल महाप्रबन्धक बृज मोहन शर्मा, आईजीएल के बिजनेस हेड एसके शुक्ला, स्कूल की प्रधानाचार्य अराधना गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी, डीजीएम शैलेश चंद्र, शैलेंद्र पांडेय, आत्मा नंद सिंह, आनंद उपाध्याय, अनिल सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी व आम जनता मौजूद रही।