कभी अपराध का गढ़ था, आज पर्यटन के नक्शे पर चमक रहा रामगढ़ताल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज नए परिवेश में बदलते नए उत्तर प्रदेश में नए गोरखपुर के भी दर्शन हो रहे हैं। जो रामगढ़ताल कभी अपराध का गढ़ हुआ करता था, वह आज पर्यटन के नक्शे पर चमक रहा है। जिस इंसेफेलाइटिस से हजारों बच्चों की मौत हो जाती थी, उस पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया है। यहां खाद कारखाना शुरू हो चुका है, एम्स खुल गया है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज चिकित्सा का उत्कृष्ट केंद्र बन चुका है।
मुख्यमंत्री रविवार को राप्तीनगर और नंदानगर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन आदि के लाभार्थियों से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ देना ही प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है।
कार्यक्रम को सांसद रवि किशन शुक्ल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर चलाएं स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को मकर संक्रांति और 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आह्वान किया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर सभी लोग स्वच्छता अभियान चलाकर धर्मस्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाएं।
सीएम ने लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, कंबल व मिष्ठान बांटे
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना, आयुष्मान योजना, पीएम स्वनिधि योजना, उज्ज्वला आदि योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, कंबल व मिष्ठान वितरित किया। कार्यक्रम के शुरुआत में सबको विकसित भारत संकल्प यात्रा की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। बच्चों का अन्नप्राशन व गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की।
मुस्लिम महिला के बच्चे का अन्नप्राशन बना आकर्षण का केंद्र
इस दौरान सीएम योगी के हाथों एक मुस्लिम महिला के बच्चे का अन्नप्राशन सबके लिए आकर्षण का केंद्र रहा। अपने बच्चे को मुख्यमंत्री के हाथों में खेलता देख महिला बेहद प्रफुल्लित नजर आईं। अन्नप्राशन कराने के बाद सीएम ने बच्चे को उपहार दिया और उसे काफी देर तक दुलारते रहे।