गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में एक से 15 अक्तूबर तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत रविवार को मुख्यालय सहित तीनों मंडलों में सफाई अभियान चलाया गया। लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कोचिंग डिपो और लोको शेड में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान बोतल क्रशिंग मशीन की मदद से प्लास्टिक की बोतलों को नष्ट किया गया।
वाराणसी मंडल के आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी, छपरा, सीवान, देवरिया सदर और मऊ सहित विभिन्न स्टेशनों पर रेलकर्मियों और सफाई मित्रों ने साफ-सफाई की। उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को कचरे का पृथक्करण करने और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।
इज्जतनगर मंडल में भी स्टेशनों के साथ ट्रेनों, रसोई यानों और रेलवे कॉलोनियों में सफाई अभियान चलाया गया। यात्रियों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग कूड़ेदानों में डालने की अपील की गई। रेलवे ने स्वच्छता को सभी की नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।