गोरखपुर। डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान के तहत बृहस्पतिवार को एम्स परिसर में स्वास्थ्य विभाग, एम्स और नगर निगम की संयुक्त टीम ने विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया। छात्रावासों, आवासीय परिसरों और गेस्ट हाउस क्षेत्रों में सफाई कराई गई। इस दौरान डेंगू और अन्य जलजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए।
अभियान के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने कहा कि रुके हुए साफ पानी को खत्म किए बिना डेंगू पर प्रभावी रोक संभव नहीं है। कूलर, गमले, टंकियां और अन्य छोटे जलस्रोत डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के प्रमुख प्रजनन स्थल हैं। इसलिए कूलरों का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें और कहीं भी पानी जमा न होने दें।
एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता के निर्देशन में आयोजित अभियान में सोशल एंड प्रिवेंटिव मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. आनंद मोहन दीक्षित और डॉ. अनिल कोपेकर व जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने भी लोगों को जागरूक किया।