परिवहन निगम गोरखपुर परिक्षेत्र के रेलवे बस स्टेशन पर काउंटर से यात्रियों को साधारण बस का टिकट नहीं मिल रहा है। इससे यात्रियों को निराश लौटना पड़ रहा है।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक का दावा एक बार फिर फेल हो गया है। एक सप्ताह पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक ने दावा किया था कि बस स्टेशन पर यात्री काउंटर से एसी और साधारण बस के टिकट खरीद सकेंगे। लेकिन, एक सप्ताह बाद यानी सोमवार को जब इसकी पड़ताल की गई तो सामने आया कि गोरखपुर डिपो के रेलवे बस स्टेशन पर बने टिकट काउंटर से यात्रियों को सिर्फ एसी बस के ही टिकट मिल रहे हैं।
इस संदर्भ में जब काउंटर पर बैठी महिला कर्मचारी से साधारण बस के टिकट के बारे में जानकारी ली गई तो उनका कहना था कि साधारण बस के टिकट अभी नहीं मिल रहे हैं।
काउंटर से साधारण टिकट नहीं मिलने की बात जब परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी से पूछी गई तो पहले उन्होंने कहा कि एसी के साथ ही साधारण बस के टिकट भी टिकट काउंटर से मिल रहे हैं। लेकिन, जब उनसे सोमवार के पड़ताल की बात बताई गई तो उन्होंने कहा कि देवरिया और बस्ती सहित कई स्टेशनों पर टिकट काउंटर से साधारण बस के टिकट मिलने की व्यवस्था शुरू हो गई है, लेकिन यहां अभी 178 बसों की फीडिंग कंप्यूटर में हो सकी है। अन्य बसों के फीडिंग का काम चल रहा है। एक से दो दिनों काउंटर से साधारण बस के भी टिकट मिलने लगेंगे।
यात्री प्रवीण मिश्रा ने कहा कि सिद्धार्थनगर जा रहा हूं, पूछताछ काउंटर पर तो बस की जानकारी मिल गई, लेकिन जब टिकट काउंटर से सिद्धार्थनगर के लिए साधारण बस का टिकट खरीदने पहुंचा तो वहां टिकट नहीं मिला।
यात्री अनिल ने बताया कि जानकारी मिली थी कि काउंटर से साधारण बस के टिकट मिल रहे हैं, तो टिकट खरीदने काउंटर पर आ गया, लेकिन यहां सिर्फ एसी बस के ही टिकट मिल रहे हैं। साधारण बस का टिकट नहीं मिला।