33 हजार केवी की लाइन हुई खराब, दूसरे फीडर से जोड़कर दी गई बिजली
सूरजकुंड के हजारों उपभोक्ता बिजली कटौती से हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। महानगर में रविवार को हुई बारिश से बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। दिन से रात तक बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। कहीं पेड़ की डाली तार पर गिर गई तो कहीं 33 हजार केवी की लाइन में गड़बड़ी हो गई, जिसे ठीक कराने के लिए बिजली निगम के अधिकारी दिनभर जूझते रहे।
सूरजकुंड विद्युत उपकेंद्र से जुड़े नेताजी सुभाषचंद्र बोस नगर, सकंट मोचन नगर, मनमोहनपुरम, बिलंदपुर खंता, बशारतपुर, एल्युमिनियम फैक्ट्री सहित आधा दर्जन से अधिक मोहल्ले में सुबह से ही बिजली के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। सूरजकुंड कॉलोनी में पीपल के पेड़ में बारिश की वजह से 11 हजार केवी की लाइन टच कर रही थी। इस वजह से सुबह 10 बजे के आसपास फाल्ट हो गया।
किसी तरह कर्मियों ने फाल्ट को ढूंढ़कर सही किया, लेकिन शाम में हुई बारिश की वजह से फिर से सप्लाई बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि करीब पांच हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। सूरजकुंड के एसडीओ दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि पेड़ की डाली की कटाई की जा रही है। बारिश की वजह से थोड़ी दिक्कतें आ रही है।
इसी तरह राजेंद्र नगर में ब्रेक डाउन के कारण विकास नगर में सुबह से ही बिजली की सप्लाई बाधित थी। करीब तीन हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। शाम छह बजे के आसपास इंडस्ट्रियल एरिया सब स्टेशन से सप्लाई जोड़ी गई, तब जाकर बिजली मिली। इसी तरह रुस्तमपुर उपकेंद्र से जुड़े फीडर से जुड़े इलाके रुस्तमपुर, चिलमापुर, शक्तिनगर, बड़गो में करीब एक से डेढ़ घंटे तक सप्लाई बाधित रही।