- दिवाली से पहले रोजाना तीन से चार मरीज आते थे, अब संख्या बढ़कर 10 से 15 हुई
गोरखपुर। दिवाली के बाद शहर की हवा में बढ़े प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सांस फूलने, खांसी और सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में तीन गुना इजाफा हुआ है। दिवाली से पहले जहां रोजाना तीन से चार मरीज पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 10 से 15 हो गई है। अस्पताल में सांस संबंधी परेशानी के फिलहाल 19 मरीज भर्ती हैं। इनमें 11 अस्थमा के मरीज हैं। भर्ती मरीजों में बुजुर्गों की संख्या अधिक है।
पटाखों के धुएं और मौसम में बदलाव के बीच सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में सांस फूलने, सूखी खांसी, गले में खराश, सीने में जकड़न और सांस लेते समय घरघराहट की शिकायत प्रमुख है। कुछ मरीजों को शुरुआत में हल्की खांसी हुई लेकिन धीरे-धीरे सांस लेने में दिक्कत बढ़ने पर अस्पताल पहुंचना पड़ा। वहीं, कुछ मरीजों को सीने में तेज दर्द और सांस फूलने की शिकायत के बाद भर्ती करना पड़ा। मरीजों को उपचार देने के लिए जिला अस्पताल की चेस्ट और मेडिसिन ओपीडी में परामर्श दिया जा रहा है। इमरजेंसी में जरूरत के अनुसार नेबुलाइजेशन और ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मरीजों की स्थिति के अनुसार चेस्ट एक्स-रे और ब्लड टेस्ट जैसी जांचें भी कराई जा रही हैं। गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है जबकि अति गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर करने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था है।
जिला अस्पताल के आपात चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज ने बताया कि पटाखों के धुएं में मौजूद सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे प्रदूषक सांस की नलियों में जलन और सूजन पैदा कर सकते हैं। इससे अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। उनका कहना है कि अस्थमा और सीओपीडी के मरीज नियमित दवाएं लेते रहें और धूल-धुएं से बचें। सांस फूलने या सीने में जकड़न की शिकायत होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
मरीजों से बातचीत
दिवाली की सुबह हल्की खांसी शुरू हुई थी। पहले लगा कि सामान्य खांसी है लेकिन धीरे-धीरे सांस लेने में परेशानी होने लगी। कुछ समय बाद दिक्कत काफी बढ़ गई तो अस्पताल आना पड़ा।
धूननाथ, नौसड़
सीने में तेज दर्द होने के साथ सांस लेने में परेशानी होने लगी। सांस भी फूलने लगी थी। हालत बिगड़ती देख मंगलवार रात 10 बजे परिजन अस्पताल लेकर आए। डॉक्टरों ने जांच के बाद भर्ती कर लिया।
रामजी वर्मा, सहजनवां