इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के चुनाव की तिथि घोषित होते हुए प्रत्याशियों ने प्रचार-प्रसार तेज कर दिए हैं। प्रत्याशियों का पहला प्रयास है कि वह निर्विरोध चुन लिए जाएं। इसके लिए वरिष्ठ डॉक्टरों के संपर्क में प्रत्याशियों ने गणेश परिक्रमा भी शुरू कर दी है। 27 नवंबर को होने वाले चुनाव में पहली बार एक साथ वर्तमान अध्यक्ष और भावी अध्यक्ष चुने जाएंगे। इसके अलावा चार नए पदों पर भी पहली बार चुनाव होगा।
नए पद के तौर पर स्पोर्ट्स सचिव और आईएमए भवन इंचार्ज इस बार चुने जाएंगे। इसके अलावा संयुक्त सचिव के दो पदों को बढ़ाकर अब तीन कर दिया गया है। कुल चार नए पदों पर भी इस बार चुनाव होगा। स्पोर्ट्स सचिव का पद बढ़ाने के पीछे उद्देश्य है कि आईएमए खेलकूद गतिविधियों का हिस्से बने। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष से लेकर, सचिव, उपाध्यक्ष सहित अन्य पदों पर लगभग निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
डॉक्टर जिस पद पर खुद को निर्विरोध मान रहे हैं, उसे लेकर वह सीनियर डॉक्टरों से संपर्क में जुट गए हैं। सीनियर डॉक्टरों में दो गुट भी तैयार हो गए हैं। यह गुट अपने-अपने डॉक्टरों के नाम तय करके निर्विरोध निर्वाचन की तैयारी में अभी से लग गया है। यही कारण है कि आठ नवंबर से अब तक एक भी पर्चा किसी ने नहीं खरीदा है। कुछ डॉक्टर पर्चा खरीदने की तैयारी में थे, जिन्हें सीनियर डॉक्टरों की वजह से मैदान से पीछे हटना पड़ा है।
मीडिया प्रभारी डॉ. इमरान अख्तर ने बताया कि आठ नवंबर से नामांकन का समय शुरू हो चुका है, 20 नवंबर नामांकन की आखिरी तिथि है, लेकिन अब तक एक भी पद पर पर्चा दाखिल नहीं हुआ है। चुनाव में आईएमए के पदाधिकारियों के साथ ही वूमेन डॉक्टर विंग की अध्यक्ष एवं सचिव का भी चयन किया जाएगा। 24 नवंबर को पर्चा वापसी है। इसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि कितने डॉक्टर मैदान में हैं।
आईएमए ने पांच अस्पतालों को संबद्धता प्रमाणपत्र जारी किए
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने अपने डॉक्टरों के अस्पतालों को आईएमए संबद्धता प्रमाणपत्र देने की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को पांच अस्पतालों को प्रमाणपत्र भी दिया गया है। इन अस्पतालों के प्रबंधकों ने संस्था को लिखकर दिया है कि वह मरीज के हित में आईएमए और सरकार के चिकित्सा मानकों पर काम करेंगे।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. शिव शंकर शाही ने बताया कि पहली बार शाही ग्लोबल हास्पिटल तारामंडल, नारायणी हास्पिटल मोहद्दीपुर, डॉ. रेणुका त्रिपाठी क्लीनिक बेतियाहाता, श्री सांई नेत्रालय गोरखनाथ और वरदायनी हॉस्पिटल तारामंडल को संबद्धता प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है जो 31 अक्टूबर 2025 तक मान्य होगा।