कोरोना संकट की वजह से घर लौटे प्रवासी मजदूरों के बच्चों को भी प्राइवेट स्कूल में मुफ्त प्रवेश का मौका मिलेगा। उन्हें बस शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत ऑनलाइन प्रवेश के लिए rte25.upsdc.gov.in पर आवेदन करना होगा।
10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। 15 जुलाई को लॉटरी के जरिए स्कूल का आवंटन होगा। 30 जुलाई तक चयनित बच्चों को स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित कराना होगा।
बेसिक शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को आदेश में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, नगर शिक्षा अधिकारी को आरटीई के तहत प्रवेश के लिए प्रवासी मजदूरों को जागरूक करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के बच्चों को शासन की मंशा के मुताबिक निजी स्कूलों में मुफ्त प्रवेश दिलाया जाता है।
कोरोना महामारी की वजह कई प्रवासी मजदूर अपना काम धंधा, बच्चों की पढ़ाई को छोड़कर घरों को वापस लौटे हैं। ऐसे में उनके बच्चे भी आरटीई के तहत प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। बीएसए बीएन सिंह ने कहा कि प्रवासी मजदूरों के बच्चों को जागरूक कर उन्हें आरटीई के तहत आवेेदन किया जा रहा है। इससे अच्छे स्कूल में पढ़ने का सपना उन बच्चों का फिर साकार होगा।