रामजानकी मार्ग पर हैंसर बाजार के करीब पटखौली मोड़ पर सोमवार को आमने-सामने बाइक और जीप में हुई टक्कर में बाइक पर पीछे बैठे चार साल के मासूम की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार ममेरे भाई- बहन समेत तीन लोग घायल हो गए। संयोग से मौके पर पहुंचे एसडीएम घायलों को अपनी गाड़ी से सीएचसी मलौली पहुंचाए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरिजनपुर निवासी चंद्रशेन पुत्र रामनवल अपने चार वर्षीय भतीजे नैतिक पुत्र विश्वनाथ को बाइक पर बैठा कर ननिहाल धनघटा क्षेत्र के मुंडेरा गायघाट गए थे। जहां से वह अपनी ममेरी बहन 18 वर्षीय अर्चना, 19 वर्षीय राधिका पुत्री हरीशचंद्र तथा भतीजे नैतिक के साथ एक ही बाइक से सीएचसी मलौली इलाज कराने गए।
इलाज कराने के बाद बाइक सवार चारों लोग लौट रहे थे। अभी पटखौली मोड़ पर पहुंचे ही थे। उसी दौरान सामने से गुजरी कमांडर जीप से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर ही मासूम नैतिक की मौत हो गई। जबकि ममेरे भाई- बहन घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। संयोग से उसी समय एसडीएम प्रमोद कुमार मौके पर पहुंच गए।
एसडीएम ने घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद घायल चंद्रसेन, अर्चना व राधिका को अपनी गाड़ी में बैठा कर सीएचसी मलौली पहुंचाए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मासूम का शव पुलिस थाने पर ले गई। एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि परिजन मासूम के शव को पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए। उनकी मांग पर पंचनामे के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।