फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Janta Darbar: सीएम योगी ने गोरखपुर में सुनी फरियाद, बोले- 24 घंटे में पीड़ित के घर पहुंचे पुलिस

Mon, 20 Jun 2022 10:55 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दरबार लगा। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में जमीन-जायदाद और इलाज के मामले आए। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को जमीन की समस्या का समाधान जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
सीएम योगी ने गोरखपुर में सुनी फरियाद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में सोमवार को आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में जमीनों के खारिज-दाखिल का मामला भी पहुंचा। कई मामलों का निपटारा लंबे समय से नहीं हुआ था। इस पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और लंबित मामलों का निपटारा प्राथमिकता पर करने का निर्देश दिया।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि  जनता को बिना वजह दौड़ाने वाले अफसर व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। राजस्व अदालतें भी मामलों का निपटारा प्राथमिकता पर करें।हर मामले का निपटारा गुणवत्ता परक ढंग से किया जाए। इसकी सतत निगरानी होनी चाहिए।   

जानकारी के मुताबिक, जमीनों की रजिस्ट्री के 45 दिन बाद खारिज-दाखिल की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। मगर, सदर सहित कुछ अन्य तहसीलों में इस प्रक्रिया में देरी हो रही है। तत्कालीन डीएम विजय किरन आनंद से भी कई शिकायतें हुई थीं, लेकिन कोई खास असर नहीं पड़ा। लिहाजा, मामला मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंच गया।   
विज्ञापन

 

मुख्यमंत्री ने 135 फरियादियों को सुना
 मुख्यमंत्री ने 135 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द सभी का समाधान करने का निर्देश दिया। फरियादियों में सर्वाधिक संख्या महिलाओं की रही। कुछ फरियादियों ने पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी न करने संबंधी शिकायत की। इसपर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री सुबह 7:40 बजे से 8:15 बजे तक जनता दरबार में रहे, फिर गोरक्षपीठाधीश्वर कक्ष में चले गए। 500 बचे फरियादियों की समस्याओं को वहां मौजूद प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने सुना। इस दौरान  एडीजी अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी विपिन ताडा, सीडीओ इंद्रजीत सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

दर्शन-पूजन के बाद की गो सेवा
मुख्यमंत्री योगी ने सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवावतारी गुरु गोरखनाथ का पूजन कर अखंड ज्योति का दर्शन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माथा टेक आशीर्वाद लिया। इसके बाद गोशाला गए। गायों को चना और गुड़ खिलाया। सेवादारों से उनके रखरखाव पर बातचीत की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

फार्म भरिए नौकरी मिलेगी
बलिया के दिव्यांग अभयराज भी मुख्यमंत्री से मिलने आए। मुख्यमंत्री को देखते हुए अभयराज की आंखें डबडबा गईं। मुख्यमंत्री ने पूछा समस्या क्या है? तो उन्होंने कहा कि महाराज जी... नौकरी दिलवा दीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी भर्तियां निकल रही हैं, उनमें दिव्यांग कोटा होता है। सभी भर्तियों में दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जाती है। आप फार्म भरिए, नौकरी जरूर मिलेगी।
 
 
विज्ञापन

महराज जी बकरी मार दी, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
पीपीगंज इलाके के रहने वाली विमला देवी की शिकायत सुन मुख्यमंत्री मुस्कुराए भी और पुलिस पर नाराजगी भी जाहिर की। विमला देवी की शिकायत थी कि पड़ोसी से भूमि विवाद चल रहा है। पड़ोसियों ने मिलकर बकरी मार दी और घर का छज्जा भी तोड़ दिया। पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। विमला ने गुजारिश की कि मामले की किसी बड़े अफसर से जांच कराकर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

भर्ती में गड़बड़ी
आशीष सिंह ने सब इंस्पेक्टर की सीधी भर्ती में गड़बड़ी किए जाने की शिकायत की। उनका आरोप था कि जिनके नंबर कम थे, वे मेरिट में आ गए। जिनके नंबर ज्यादा थे वे बाहर हो गए। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने न्याय का भरोसा दिलाया है।

भू-माफिया जमीन पर कर रहे कब्जा
गीडा इलाके के भौवापार की रहने वाली रेशमा देवी ने भी शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि भू-माफिया सरकारी पट्टे की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। निजी जमीन भी कब्जा कर रहे हैं। लेकिन,  पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। इसपर मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पीएम आवास का निर्माण कराए बगैर भुगतान
धर्मशाला बाजार के पूर्व पार्षद ने पीएम आवास में बगैर निर्माण कराए डेढ़ करोड़ रुपये के भुगतान की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने कमिश्नर रवि कुमार एनजी को जांच कराके कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें