अगर आप केनरा बैंक के खाता धारक हैं तो एक जुलाई से अपने पुराने चेक बुक के जरिए पैसों का ट्रांजेक्शन नहीं कर पाएंगे। केनरा बैंक ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। साथ ही बैंक की वेबसाइट पर भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
हाल ही में केनरा बैंक में सिंडिकेट बैंक का विलय हुआ है, जिसके बाद ग्राहक पुरानी ही चेकबुक का इस्तेमाल कर रहे थे, लेकिन अब सिर्फ 30 जून तक ही इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद सभी ग्राहकों का आईएफएससी कोड डिसेबल कर दिए जाएंगे।
यानी पुराने कोड का इस्तेमाल करके पैसा ट्रांसफर नहीं किया जा सकता है। बैंक ने ट्वीट में लिखा है कि ग्राहकों की पुरानी चेकबुक 30 जून तक ही काम करेगी। इसके बाद आप इसका इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
बदल गए हैं एसवाईएनबी
केनरा बैंक के साथ सिंडिकेट बैंक के विलय के बाद, एसवाईएनबी (SYNB) से शुरू होने वाले सभी ई-सिंडिकेट आईएफएससी (IFSC) कोड बदल दिए गए हैं। बैंक के अधिकारियों का कहना है कि एसवाईएनबी (SYNB) से शुरू होने वाले सभी IFSC एक जुलाई से डिसेबल हो जाएंगे।
वेबसाइट पर भी बयान जारी कर दी जानकारी
बैंक ने वेबसाइट पर भी बयान जारी कर इस बारे में जानकारी दी है। बैंक ने लिखा है कि आप सेंडर्स को एनईएफटी, आरटीजीएस आइएमपीएस (NEFT/RTGS/IMPS) भेजते समय केवल सीएनआरबी (CNRB) से शुरू होने वाले अपने नए आईएफएससी कोड का उपयोग करने की सूचना दें क्योंकि एसवाईएनबी (SYNB) से शुरू होने वाले कोड काम नहीं करेंगे।
केनरा बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक राजन सिंह का कहना है कि खाताधारकों को जल्द से जल्द अपना नया चेक बुक ले लेना चाहिए।