कैंपियरगंज इलाके का मामला, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला, एक ही परिवार के पांच लोग घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
कैंपियरगंज। थाना क्षेत्र के अलीगढ़ टोला भगवानपुर गांव में रविवार को सब्जी लदी पिकअप हटाने के लिए शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। लाठी-डंडे, रॉड और ईंट-पत्थर से हुए हमले में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ के साथ एक स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने पीड़ित सुनीता देवी की तहरीर पर सुनील निषाद, अनिल निषाद, कोईल निषाद, अजय निषाद, विजय निषाद, सर्वजीत निषाद, रामसजीवन निषाद, विजय प्रकाश निषाद, सिकंदर निषाद आदि पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ग्राम अलीगढ़ टोला भगवानपुर निवासी सुनीता देवी के घर के सामने एक सब्जी लदी पिकअप खड़ी थी। सुनीता देवी के पुत्र अतुल गुप्ता ने रास्ता बाधित होने की बात कहते हुए चालक को वाहन हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इससे नाराज होकर सुनील निषाद, अनिल निषाद, कोईल निषाद, अजय निषाद, विजय निषाद, सर्वजीत निषाद, रामसजीवन निषाद, विजय प्रकाश निषाद, सिकंदर निषाद सहित छह अज्ञात लोग पीड़ित परिवार पर टूट पड़े। आरोपियों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला किया। हमले में सुनीता देवी, उनके पति मदन गुप्ता, उनके भाई सुक्खू, अतिश, अतुल घायल हो गए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। इ इसके बाद सभी का इलाज कराया गया। घटना के बाद गांव में तनाव है।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।