चौरीचौरा। क्षेत्र के राघोपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर रविवार रात आठ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चालक की लापरवाही से खड़ी पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई। इस दौरान पिकअप ने सामने खड़ी एक मैजिक वाहन को टक्कर मारते हुए पेट्रोल पंप परिसर की दीवार से टकरा गई। इससे दीवार टूट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय पंप कर्मचारी ईश्वर दयाल विश्वकर्मा ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत शोर मचाकर वहां मौजूद लोगों को हटने की चेतावनी दी, जिससे लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर हट गए। उनकी सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। अनियंत्रित पिकअप दीवार तोड़ने के बाद कुछ दूरी पर जाकर रुक गई। हादसे में परिसर में खड़ी एक साइकिल और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिकअप चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं कर सका। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जिस स्थान पर पिकअप ने टक्कर मारी, उसके बगल में एक गुमटी भी थी, जहां एक महिला बैठी हुई थी। संयोग से वाहन गुमटी से नहीं टकराया।