कोविड-19 महामारी के दौर में अपने जान की परवाह किए बगैर मानवता के कल्यानार्थ घरों से निकलने वाले कोरोना वारियर्स को बुधवार को सेंट पॉल्स स्कूल परिवार की ओर से अनूठे अंदाज में सलामी दी गई। विद्यालय के संस्थापक की अगुवाई में प्रधानाचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और पुरातन छात्र सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए एडी मॉल पर एकत्र हुए।
जहां माइकल जैक्सन के लिखे गीत ‘हील द वर्ल्ड’ पर बनाए वीडियो गीत को मॉल की स्क्रीन पर मुख्य अतिथि एडी मॉल के डायरेक्टर शोमेंद्र मोहन दास ने लांच किया। इस दौरान विद्यालय परिवार के सदस्यों ने गीत को गाकर पुलिस कर्मियों, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ, मीडियाकर्मी और शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
एक्जीक्यूटिव प्रिंसिपल अमरीश चंद्रा ने बताया कि गाने की संरचना स्कूल की पूर्व छात्रा और स्कूल मार्शल खुशी चंद्रा है। शिक्षक अभिषेक कुमार और अभिषेक राय का समय-समय पर समर्थन मिला है। गाने को सुमित कुमार, शरली क्रिस्टीना, सुचिता रेबेका गांगुली, सकक्षम पांडेय के साथ शिक्षकों ने आवाज दी है।
कार्यक्रम में स्कूल के संस्थापक गिरीश चंद्रा, शुद्ध प्लस के निदेशक अमर तुलस्यान, डॉ. आयुष गुलाटी, प्रधानाचार्य सुदर्शन चौधरी, सुमित गांगुली, कैथरीन गांगुली, एसपी एरियल, माधुरी रिचर्ड, अर्चना जेम्स, आरजे फर्नांडीज आदि शामिल हुए।