बशारतपुर में कंपनी खोलकर धन दोगुना करने का वादा कर जमा करा रहे थे रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शाहपुर के बशारतपुर में कंपनी खोलकर रुपया दोगुना करने का वादा करने वाले निदेशकों पर केस दर्ज होगा। पीड़ितों की शिकायत पर एसपी सिटी ने सीओ को जांच सौंपी थी। जांच में कंपनी के निदेशक से पुलिस ने बात की, लेकिन वे कंपनी और उसकी योजनाओं के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद सीओ ने कंपनी चलाने वाले तीन निदेशकों पर केस दर्ज करने के लिए एसएसपी को रिपोर्ट भेजी है। अनुमति मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।
कंपनी में रुपये जमा करने वाले पांच लोगों ने सात मई को एसपी सिटी से मिलकर शिकायत की। दवा की कंपनी में काम करने वाले शिकायकर्ता संजय पाठक, किरण विश्वकर्मा, अश्वनी कुमार, नीलम विश्वकर्मा और संतोष पाठक ने एसपी सिटी को बताया कि बशारतपुर में एक कंपनी का ऑफिस आठ साल से संचालित किया जा रहा था। यहां आरडी और एफडी के नाम पर जालसाजी का खेल चल रहा था।
आरोप है कि कंपनी किराए के मकान में चल रही है। कंपनी के भागने के बाद वहां से बोर्ड और ऑफिस दोनों ही गायब हो गए। पीड़ितों ने बताया कि उनका करीब 20 लाख रुपया कंपनी में फंस गया है।
इस बारे में सीओ गोरखनाथ योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद कंपनी के निदेशकों से बात की गई। वह स्पष्ट उत्तर नहीं दे पाए। सीओ के मुताबिक निदेशक का कहना है कि वह पब्लिक का रुपया शेयर मार्केट में लगाते हैं। इनके ऊपर एफआईआर लिखने के लिए एसएसपी को पत्र भेजकर स्वीकृति मांगी गई है।