समिति से 1086 क्विंटल धान गायब, सचिव पर रिपोर्ट
साधन सहकारी समिति कृतपुरा में एसडीएम ने पकड़ी गड़बड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। साधन सहकारी समिति कृतपुरा से 1084 क्विंटल धान गायब होने के मामले में पुलिस ने सचिव पर गबन और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम की जांच में समिति पर धान खरीद में गड़बड़ी मिली थी। इसके बाद पीसीएफ के जिला प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर देकर सचिव पर मंगलवार देर रात केस दर्ज कराया। अब धान क्रय केंद्र प्रभारियों में खलबली मची है।
उपजिलाधिकारी ध्रुव कुमार शुक्ला ने 13 जनवरी को साधन सहकारी समिति कृतपुरा पर धान क्रय की जांच की थी। जांच के दौरान स्टॉक पंजिका में 4,386 क्विंटल धान की खरीदारी दर्ज की गई थी, जबकि बोरियों का सत्यापन करने पर 3300 क्विंटल धान मिला था। 1086 क्विंटल धान गायब होने के मामले में समिति के सचिव स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। एसडीएम की रिपोर्ट पर पीसीएफ के जिला प्रबंधक सिद्धेश्वर राम ने कोतवाली में तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार वाजपेयी ने बताया कि तहरीर के अनुसार साधन सहकारी समिति कृतपुरा के सचिव संतोष कुमार यादव पर अभियोग पंजीकृत कर जांच की जा रही है। पीसीएफ के जिला प्रबंधक सिद्धेश्वर राम ने बताया कि जांच रिपोर्ट के अनुसार मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की जांच कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।