पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर और गोंडा स्टेशन को सेंटर ऑफ सिटी बनाने के लिए भवन के नए ढांचे का मॉडल तैयार हो गया है। गोरखपुर के स्टेशन भवन पर गोरखनाथ मंदिर व गीता प्रेस का अक्स दिखाई देगा। एजेंसी अगले सप्ताह महाप्रबंधक व अन्य अधिकारियों के सामने मॉडल व डिजाइन प्रस्तुत करेगी।
एजेंसी ने सर्वे का काम पूरा कर लिया है। अभी विकल्प के तौर पर दो डिजाइन तैयार की गई है। अगले सप्ताह मॉडल प्रस्तुत करने के दौरान एजेंसी जंक्शन के नए स्वरूप का खाका और उसके निर्माण में आने वाले खर्च का ब्यौरा भी देगी। मॉडल को देखने के बाद महाप्रबंधक व अधिकारी अपना सुझाव देंगे। इसके बाद पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन रिपोर्ट को रेलवे बोर्ड के पास मंजूरी के लिए भेजेगा।
रूफ प्लाजा में खानपान, मनोरंजन की भी सुविधा
विकसित होने के बाद स्टेशनों के रूफ प्लाजा में फूड कोर्ट, वेटिंग लाउंज, बच्चों के खेलने की जगह के साथ ही स्थानीय उत्पादों की दुकानें होंगी। मेट्रो सेवा, सिटी बस और यातायात के अन्य साधन जंक्शन के पास उपलब्ध होंगे। इन स्टेशनों का विकास आगामी 40 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाएगा।