कुसम्ही जंगल में युवक और उसकी महिला रिश्तेदार को बंधक बनाकर लूटपाट व रंगदारी का मामला
गोरखपुर। कुसम्ही जंगल में युवक और उसकी महिला रिश्तेदार को बंधक बनाकर लूटपाट व रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने डायना गैंग के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई तेज कर दी है। एम्स थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी रजनीश तिवारी उर्फ पिंटू की करीब 52 हजार रुपये कीमत की बाइक जब्त कर ली है। पुलिस अब उसकी अन्य चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2024 को कुशीनगर के हाटा क्षेत्र निवासी युवक और उसकी महिला रिश्तेदार को डायना गैंग के गुर्गों ने कुसम्ही जंगल स्थित विनोद वन के पास पकड़ लिया था। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और बदनाम करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोप है कि बदमाशों ने युवक की जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए थे और मोबाइल से यूपीआई के जरिये 4,500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। घटना के बाद 20 जून 2024 को एम्स थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के सरगना रजही निवासी दयाशंकर उर्फ डायना, कुसम्ही बाजार निवासी अभिषेक राजभर और देवरिया निवासी रजनीश तिवारी उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया था। बाद में 14 फरवरी 2025 को तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सीओ कैंट आभा सिंह ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत रजनीश तिवारी की बाइक जब्त की गई है। उसकी अन्य संपत्तियों का भी सत्यापन कराया जा रहा है।