क्षेत्र की जीएनएम छात्रा ने एक निजी अस्पताल के संचालक पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालने, पीछा करने और परिवार को धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह करीब सात माह तक नगर के न्यू सिटी हॉस्पिटल, पिपरा मोगलान में कार्यरत रही। इसी दौरान अस्पताल के संचालक डॉ. विजय कुमार ने उसे प्रेम प्रस्ताव दिया। छात्रा के अनुसार, उसने साफ तौर पर प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया, जिसके बाद संचालक ने उस पर संबंध बनाने का दबाव डालना शुरू किया और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
पीड़िता का आरोप है कि संचालक की हरकतों से परेशान होकर उसे अस्पताल की नौकरी छोड़नी पड़ी और वह बाहर चली गई। इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा करना बंद नहीं किया और उसके घर तक पहुंचकर उसके बारे में जानकारी लेने लगा। परेशान होकर छात्रा ने पूरी बात अपने परिवार को बता दी, जिसके बाद परिजन सतर्क हो गए।
छात्रा के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी उसके रिश्तेदारों को फोन कर उसके बारे में पूछताछ करता रहा। इतना ही नहीं, जहां वह वर्तमान में काम कर रही है, वहां भी वह पहुंचकर उसे परेशान करता रहा।
आरोप है कि विजय कुमार उसके घर आकर उसके भाई से गाली-गलौज करने लगा और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि 19 फरवरी की शाम उसकी मां और भाई कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपी विजय ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की तथा जान से मारने की धमकी दी।
वहीं, संचालक का कहना है कि सभी आरोप निराधार हैं। उन्हें फंसाने के लिए साजिश रची जा रही है। थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।