सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा क्षेत्र के आमकोल गांव में मंगलवार शाम लगभग चार बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास बनी पानी की टंकी में गिरने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सौरभ सिंह की पुत्री घर के बाहर अन्य बच्चों की तरह खेल रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते घर के पास स्थित पानी की टंकी के पास पहुंच गई। बताया जा रहा है कि बच्ची टंकी के पास बनी संरचना पर चढ़ गई और अचानक संतुलन बिगड़ने से पानी से भरी टंकी में गिर गई। उस समय घर के अंदर उसकी मां, पिता और दादी घरेलू कार्यों में व्यस्त थे।
कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह ट्यूबवेल के पास स्थित टंकी में गंभीर अवस्था में मिली। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह कई बार बेहोश हो जा रही है। परिजनों ने बाद में बच्ची के शव का अंतिम संस्कार गौरीघाट में किया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।