उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में विदेश भेजने वाली फर्म गल्फ इंस्टीट्यूट में घुसकर 22 लाख रुपये लूटे जाने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, एसपी क्राइम दो पीआरवी पुलिस वालों के साथ सीन क्रिएशन कर घटना की हकीकत जांचने की कोशिश की। उधर, सुरक्षा के लिहाज से सिंघड़िया के पास पुलिस पिकेट लगा दी गई है।
सिंघड़िया के आदर्श नगर कॉलोनी निवासी व गल्फ फर्म के संचालक संतोष सिंह ने मंगलवार शाम सात बजे कंपनी के कार्यालय में घुसकर 22 लाख रुपये लूटने की सूचना दी थी। इसके बाद एसएसपी जोगेंद्र कुमार और एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे।
जांच पड़ताल में कंपनी के ऑफिस से नौ लाख रुपये और संचालक के घर से 20 लाख रुपये मिले थे। कार्यालय से फर्जी पासपोर्ट, स्टांप बरामद होने के बाद पुलिस ने संचालक, उनकी पत्नी, भाई और तीन कर्मचारियों को हिरासत में लिया था। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर लूट का केस दर्ज किया है।
वहीं, विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के रैकेट का पर्दाफाश करने में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है, जो इस धंधे से जुड़े हैं। सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
बता दें कि पुलिस शुरू से ही लूट की इस वारदात को संदिग्ध मानकर चल रही है। यही कारण है कि लूट की सूचना पर कंपनी के दफ्तर पहुंची पुलिस उसकी ही गतिविधियों की जांच शुरू कर दी। कंपनी के कार्यालय और संचालक के घर से 29 लाख रुपये बरामद भी किए। कार्यालय से मिले फर्जी दस्तावेज के आधार पर संचालक समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर दिनभर पूछताछ भी की है।