उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के एयरपोर्ट पर रविवार की सुबह बीएसएफ जवान के ट्राली बैग में इंसास राइफल की गोली मिलने पर सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में ले लिया। जवान इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। मगर चेकिंग के दौरान ही उसके बैग से कारतूस मिलने पर कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कर रविवार की शाम उसे रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मऊ जिले के आश्रम रसूलपुर दोहरीघाट का रहने वाला रवि यादव बीएसएफ में सिपाही है। वर्तमान समय में उसकी तैनाती नई दिल्ली में है। 20 दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। रविवार को दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट का उसने टिकट लिया था।
सुबह एयरपोर्ट पहुंचकर रवि ने बोर्डिंग पास ले लिया। स्कैनिंग के दौरान उसके ट्रॉली बैग में इंसास राइफल का एक कारतूस मिला। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से कैंट पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।