इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाते हुए नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। इसके बाद अधिकारी हरकत में आए। बृहस्पतिवार की सुबह दल बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी से लेकर अमरूद मंडी तक ठेले को हटवा दिया। सभी को शेड में भेजते हुए वहीं पर दुकान लगाने की हिदायत दी।
यहां सात दिनों तक पुलिस का पेट्रोलिंग दस्ता निगरानी करेगा। यदि किसी दुकानदार ने मनमानी की तो उसका चालान काटकर नगर निगम के कर्मचारी जुर्माना वसूल करेंगे। उधर, रुस्तमपुर ढाला के पास भी कार्रवाई करते हुए ठेलों को शेड में लगवाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के प्रवर्तन दल ने अतिक्रमण भी हटवाया।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि नो वेंडिंग जोन में दुकानें नहीं लगेंगी। सभी ठेलों को शेड के नीचे स्थानांतरित कराया गया है। इसकी नियमित निगरानी की जाएगी। यदि किसी ने सड़क पर ठेला लगाया तो उसके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।