गोरखपुर में डीआईजी बंगले के पास जेजे नर्सिंग होम पर फायरिंग की घटना में शामिल गैंगस्टर अभियुक्त राहुल शर्मा की कार शुक्रवार को कैंट पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल चार बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज किया था।
प्रभारी निरीक्षक कैंट शशिभूषण राय के मुताबिक, यह कार फायरिंग की घटना में शामिल बदमाश राहुल शर्मा की है। राहुल सिकरीगंज इलाके के गईबेला का रहने वाला है। उसने अपराध से कमाए पैसों से यह कार खरीदी थी।
यह हुई थी घटना
30 जुलाई को जेजे नर्सिंग होम पर संचालक आदर्श सिंह के ऊपर असलहे से फायर किया गया था। भागकर उन्होंने जान बचाई थी। पुलिस ने घटना के बाद सोपईघाट थाना बेलघाट के रहने वाले मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सूरज सिंह, गाईबेला थाना सिकरीगंज के राहुल शर्मा, हरिहरपुर थाना बांसगांव के विशाल सिंह और महादेवा थाना सिकरीगंज के विनय यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था।
राहुल पर दर्ज हैं 18 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, इस गैंग में शामिल बदमाश राहुल शर्मा पर 18 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। जिनमें कैंट थाने में पांच, सिकरीगंज थाने में नौ और बाकी शहर के रामगढ़ताल और बेलीपार थाने में दर्ज हैं।