गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र के बसंतपुर चौराहे पर स्थित स्वर्ण व्यापारी के मकान में महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले का सीसी फुटेज पुलिस के हाथ लग गया। पुलिस को उसकी बाइक का नंबर मिल गया है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कर तलाश में दबिश दी जा रही है।
उधर, पुलिस ने पीड़िता की बेटी नेहा वर्मा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मारपीट कर लूट करने, घर में जबरन दाखिल होने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही।
जानकारी के मुताबिक, बसंतपुर निवासी नेहा वर्मा ने दिए तहरीर में लिखा है कि उसकी मां वीना घर में बृहस्पतिवार को अकेली थीं। दोपहर दो बजे के करीब घर की घंटी बजी तो मां ने दरवाजा खोल दिया। इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस को सीसी टीवी कैमरे का फुटेज मिला जिसमें दो बजकर दो मिनट पर एक युवक घर में दाखिल होता नजर आ रहा है। वह लाल रंग की बाइक से आया था।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। सीसी टीवी कैमरे की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही बदमाश की गिरफ्तारी कर घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।