फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: दुबई से लौटे युवक का अपहरण कर नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। दुबई से कमाकर घर लौट रहे युवक ताज मोहम्मद को कार सवार दो बदमाशों ने अगवा कर लिया और नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट लिया। बदमाशों ने युवक का महंगा मोबाइल और नकदी छीनकर उसे सड़क किनारे फेंक दिया और भाग निकले। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई कैंट पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक आरोपी आजमगढ़ के अर्जुन यादव को कार समेत पकड़ लिया, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश में दबिश दे रही है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, कुशीनगर के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के पथरवा गांव निवासी जुबेदा खातून ने पुलिस को बताया कि उनके पति ताज मोहम्मद दुबई में रहकर काम करते हैं और शुक्रवार रात लखनऊ पहुंचे थे। वहां से बस पकड़कर शनिवार तड़के 3:24 बजे गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। पत्नी के अनुसार, स्टेशन तक दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। ताज मोहम्मद ने बताया था कि वह कुशीनगर जाने के लिए सवारी तलाश रहे हैं। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया, जिससे परिजन चिंतित हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस ने जांच शुरू की। सर्विलांस के जरिये मोबाइल की लोकेशन रेलवे स्टेशन के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस ने स्टेशन परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें युवक को एक कार में बैठाते हुए देखा गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संदिग्ध कार कुछ दिन पहले बलिया से बेची गई थी। इसके बाद सर्विलांस और मुखबिर की मदद से पुलिस ने घेराबंदी की और ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र के पास से एक आरोपी आजमगढ़ के महराजगंज के देवरा तुर्क चारा (सहाय का पूरा ) निवासी अर्जुन यादव को कार समेत पकड़ लिया।
विज्ञापन

पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। उसने बताया कि दोनों ने युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया और उसकी नकदी व मोबाइल लूटकर उसे सड़क किनारे फेंक दिया। इसी बीच पुलिस को अहिरौली क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति के सड़क किनारे पड़े होने की सूचना मिली थी, जिसे राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया था। अस्पताल में जांच के दौरान उसकी पहचान ताज मोहम्मद के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर भागे साथी की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित बोला...पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर दिए थे आरोपी
पीड़ित ने पूछताछ में बताया कि वह लखनऊ से बस पकड़कर गोरखपुर पहुंचे थे। गोरखपुर से अपने घर जाने के लिए स्टेशन के बाहर खड़ी एक कार में बैठ गए, जिसमें पहले से ही कुछ लोग बैठे थे। रास्ते में कार चला रहे अर्जुन ने उन्हें बोतल का पानी पीने के लिए दिया। पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनके जेब से 3000 रुपये, मोबाइल व सामान लूट लिया। होश आया तो वह हॉस्पिटल में थे।

आरोपी का खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपी अर्जुन यादव ने बताया किया वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जहरखुरानी करता है। बैग, झोला व अन्य समान लेकर रोडवेज व रेलवे स्टेशन के बाहर वाहन का इंतजार करते हैं। जैसे ही कोई यात्री इनके पास आता है तो उससे पूछते हैं कि आपको कहां जाना है, यात्री को जहां जाना होता है, उन्हें भी वहीं जाना है बताकर अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले जाते हैं। रास्ते में कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करते हैं। पुलिस उसके गिरोह के अन्य लोगों की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही उसका आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें