गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालय की 25 फरवरी से होने वाली वार्षिक परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों के केंद्राध्यक्षों की बैठक बृहस्पतिवार को संवाद भवन में हुई। अध्यक्षता करते हुए प्रति कुलपति प्रो. हरिशरण ने परीक्षा में गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान ऑनलाइन निगरानी के लिए वेब कास्टिंग में गड़बड़ी नहीं आनी चाहिए। सीटीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग को दो महीने तक सुरक्षित रखा जाए। ताकि जरूरत पड़ने पर विश्वविद्यालय प्रशासन को उपलब्ध कराया जा सके।
प्रति कुलपति ने कहा कि जिन महाविद्यालयों ने परीक्षा शुल्क जमा नही किया है वे 22 फरवरी तक हर हाल में जमा कर दें अन्यथा ऐसे महाविद्यालयों के छात्रों के प्रवेश पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित महाविद्यालय की होगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्ट्रांग रूम में प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखें और विश्वविद्यालय से भेजे गए प्रश्नपत्रों के संख्यात्मक विवरण का केंद्राध्यक्ष, प्राचार्य अपने महाविद्यालय में होने वाली परीक्षा के विषयों में उपलब्ध छात्रों की संख्या से मिलान कर लें।
समय से उत्तर पुस्तिका को सील कर नोडल केंद्रों पर भेजा जाए। परीक्षा नियंत्रक ने केंद्राध्यक्षों को परीक्षा संचालन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ईडीपी प्रभारी प्रो. विनय कुमार सिंह, कुलसचिव डा. ओम प्रकाश, लेखाधिकारी पीएन सिंह आदि उपस्थित रहे।