मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में सत्र 2020-21 से बैचलर ऑफ फार्मेसी (बीफॉर्मा) कोर्स शुरू हो सकता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोर्स शुरू करने के लिए फार्मेसी काउंसिलिंग ऑफ इंडिया (एफसीआई) के पास आवेदन किया है। जल्द ही मान्यता मिलने की उम्मीद है। पहले सत्र में 60 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे।
एमएमएमयूटी ने बीफॉर्मा कोर्स शुरू करने के लिए तैयारियां भी कर ली हैं। फार्मेसी काउंसिलिंग ऑफ इंडिया की टीम फरवरी में निरीक्षण करने के लिए आ सकती है। यह टीम विश्वविद्यालय परिसर में भवन, क्लास आदि संसाधनों को देखेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट एफसीआई को सौंपेगी जिसके बाद कोर्स शुरू करने की अनुमति मिलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारियों के मुताबिक मार्च-अप्रैल में बीफॉर्मा कोर्स शुरू करने की अनुमति मिल जाती है तो इसके लिए अलग से प्रवेश परीक्षा करायी जाएगी। जून में रिजल्ट घोषित कर जुलाई में प्रवेश लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय में बीफॉर्मा कोर्स शुरू करने की मांग ज्यादा है। इसे देखते हुए कोर्स शुरू करने को आवेदन किया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही फार्मेसी काउंसिलिंग ऑफ इंडिया से मान्यता मिल जाएगी। हमारी कोशिश है कि सत्र 2020-21 में यह कोर्स शुरू करा दें। अगर मार्च-अप्रैल तक मान्यता मिल जाती है तो मई में इस कोर्स के लिए अलग से प्रवेश परीक्षा कराएंगे।
प्रो श्रीनिवास सिंह, कुलपति, एमएमएमयूटी