प्रदर्शन करते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदर्शन के बाद गोरखपुर विवि के छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की कवायद शुरू हो गई। चीफ प्रॉक्टर प्रो. प्रदीप यादव ने छात्रावासों में कमरों पर कब्जा जमाने वालों को बाहर करने और हॉस्टल में आने जाने वालों का ब्यौरा दर्ज करने का आदेश बृहस्पतिवार को जारी किया। इसके लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश जारी किया।
प्रो. प्रदीप यादव ने पहले छात्रावासों के वार्डन से के साथ बैठक की और उनसे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने संबधी उपाए पूछे। इसके बाद उन्होंने आदेश जारी किया कि अब हॉस्टल में पहुंचने वाले हर बाहरी व्यक्ति का लेखाजोखा सुरक्षाकर्मी रखेंगे। अराजकतत्व का संदेह होने पर सुरक्षाकर्मी वार्डन, प्रॉक्टर और सुरक्षाधिकारी को सूचित करेंगे।
प्रो. प्रदीप यादव ने बताया कि हर हॉस्टल में दबंगों ने कमरों पर कब्जा जमा रखा है। इन कमरों में अराजकतत्वोें का आना जाना रहता है जिससे छात्रावास का माहौल खराब होता है। उन्होंने हॉस्टल वार्डन से अवैध कब्जेदारों की सूची मांगी है। उन्होंने हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे भी दुरुस्त कराने का आदेश दिया। एनसी हॉस्टल के बाहर फायरिंग और मारपीट की घटना के मद्देनजर यह आदेश जारी किया गया।