मदन मोहन मालवीय प्रौद्यौगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में शैक्षिक सत्र 2021-22 के बीटेक फाइनल के 130 छात्रों का कैंपस सेलेक्शन हो गया है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने अलग-अलग जॉब ऑफर व वेतन पैकेज उन्हें दिए हैं। टीसीएस, विप्रो, एसेंचर जैसी बड़ी कंपनियों ने कैंपस सेलेक्शन के परिणाम अभी तक घोषित नहीं किए हैं।
सबसे ज्यादा इंफोसिस में चुने गए छात्र
इंफोसिस में 18 छात्रों का प्लेसमेंट हुआ है। हेक्सा-व्यू में तीन, डैफोडिल सॉफ्टवेयर में पांच, न्यूक्लियाई ग्रुप में दो, एचसीएल में 20, कॉग्निजेंट जेन सी नेक्स्ट में नौ, कॉग्निजेंट जेन सी एलीवेट में 15, ई लिटमस में दो, आईबीएम में 29, हमिंगवेव में 22, न्यू जेनेसिस में तीन, बिग-ओ में एक और लोवे इंडिया में एक छात्र शामिल हैं।
19 लाख के पैकेज पर चुने गए छात्र
विवि प्रशासन ने बताया कि लोवे इंडिया ने सबसे ज्यादा 19 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर नियुक्ति दी है। न्यूक्लियाई ग्रुप ने चयनित छात्रों को 16 लाख रुपये वेतन दिया है। तीसरे नंबर पर हमिंगवावे टेक्नोलॉजी रही है। इस कंपनी ने सालाना 7 से 9 लाख रुपये के पैकेज दिए हैं। ज्यादातर छात्रों को औसतन 5 से 7 लाख रुपये के पैकेज पर नियुक्ति मिली है। पिछले एक दो वर्षों में विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट रिकॉर्ड में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। भारी संख्या में प्लेसमेंट की सूचना मिलने पर शिक्षकों ने प्लेसमेंट सेल के प्रभारी प्रो. वीके द्विवेदी को शुभकामनाएं दी हैं।