नगर निगम अब आपके द्वार जाकर संपत्ति कर जमा करवा रहा है। बीते शनिवार को कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर एक में भैरोपुर हनुमान मंदिर के पास कैंप लगाया गया। ऐसे ही, जोन नंबर 4 के वार्ड 23, 33, 48 और 68 में भी शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान 2,27,553 लाख रुपये कर जमा करवाए गए। यह सिलसिला नगर निगम आगे भी जारी रखेगा। नगर आयुक्त की अपील है कि इतनी सरल व्यवस्था कर दी है, इसलिए अब संपत्ति कर जमा करवाने से न चूकें।
नगर निगम बकाया संपत्ति कर (गृहकर, जलकल, सीवर कर) के एकमुश्त भुगतान का 31 दिसंबर तक मौका दे रहा है। बदले में मौजूदा वित्त वर्ष 2023-24 के बिल पर 10 फीसदी छूट भी दे रहा है। लोगों को इस सुविधा का लाभ अधिक से अधिक मिल सके, इसके लिए नगर निगम की ओर से सभी 80 वार्डों में शिविर लगाया जा रहा है।
कल इन वार्डों में लगेगा शिविर
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि 26 दिसंबर को वार्ड संख्या 20 आवास विकास काॅलोनी झारखंडी दुर्गा मंदिर पुरानी टंकी के पास, वार्ड संख्या 03 नए पार्षद कैंप कार्यालय नंदानगर, वार्ड संख्या 15 में सिद्धार्थ इनक्लेव यूनियन बैंक के पीछे पार्क में, वार्ड संख्या 28 संगम चौराहा जंगल सालिकराम, वार्ड संख्या 21 हनुमान मंदिर बेतियाहाता, वार्ड संख्या 51 गीता पैलेस इस्माईलपुर, वार्ड संख्या 33 हाजी इरफान के पुराने मकान के पास दशहरी बाग में शिविर लगाया जाएगा। इसी तरह वार्ड संख्या 48 भिटनी मदरसा, वार्ड संख्या 32 काली मंदिर गैस गोदाम के पास माधोपुर, वार्ड संख्या 68 इमामबाड़ा के पास पुराना गोरखपुर, वार्ड संख्या 70 मेंहदी पैलेस नकहा नंबर 01, वार्ड संख्या 04 फतेहपुर मदरसा के पास शिविर लगाया जाएगा।