वाणिज्य कर विभाग ने बिना कागजात दूसरे राज्यों से माल लाने व आपूर्ति करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चार वाहन से ले जाए जा रहे माल भी पकड़े हैं। वाहन व 9.71 लाख रुपये का माल सीज करने के साथ ही 6.21 लाख रुपये जुर्माना भी जमा कराया है।
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1, राज्य कर गोरखपुर जोन सुनील कुमार राय के निर्देशन में सचल दल इकाइयों ने कर चोरी के तीन मामले पकड़े हैं।असिस्टेंट कमिश्नर सचल दल इकाई देवरिया की टीम ने बिना ई-वे बिल के 800 बैग इको प्लस ब्रांड का सीमेंट पकड़ा है। सीमेंट वाराणसी से बिहार ले जाया जा रहा था, जिसे सीज करके 1.99 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। साथ ही 1.11 लाख रुपये जुर्माना जमा कराया है।
इसी तरह, टीम ने मालदा से गोरखपुर लाए जा रहे अनियमित परिवहन प्रपत्रों के पेट बाटल स्क्रैप (प्लास्टिक बॉटल स्क्रैप) वाहन को भी पकड़ा है। वाहन का परिवहन अनियमित प्रपत्रों के माध्यम से घोषित स्थान तिनसुकिया से भिन्न स्थान ले जाने संबंधी जानकारी वाहन ट्रैक्रिंग सिस्टम से पता चला था। वाहन को सीज कर माल के मूल्य 4.88 लाख पर 1.75 लाख रुपये जुर्माना जमा कराया गया है।
इसके अलावा बिना किसी प्रपत्र के पश्चिम बंगाल से मुरादाबाद और असम से मुरादाबाद के लिए ले जाए जा रहे पुराने कबाड़ लदे वाहन को असिस्टेंट कमिश्नर सचल दल इकाई कुशीनगर ने पकड़ा है। दोनों वाहनों को सीज कर 2.48 लाख रुपये माल के मूल्य पर अर्थदंड के रूप में 3.35 लाख रुपये जमा कराए हैं।
वाणिज्य कर एसआईबी के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 राजेश सिंह ने बताया कि चार वाहनों से 9.71 लाख रुपये का माल सीज किया गया है। साथ ही 6.21 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।