-परिवहन निगम की ओर से आगे और भी बसों का किया जाएगा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। परिवहन निगम की ओर से गोरखपुर से आलमबाग, लखनऊ के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे से नई बस सोमवार से चलाई जाएगी। इससे गोरखपुर से लखनऊ जाने के लिए लगने वाला समय कम हो जाएगा। यात्रियों के समय का सदुपयोग हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि पहली बार में परिवहन निगम की ओर से एक बस चलाई जा रही है। इसके बाद धीरे-धीरे एक्सप्रेसवे मार्ग पर और भी बसों का संचालन किया जाएगा। बस के लिए चालक व परिचालक का आवंटन भी कर दिया गया है, जिससे संचालन सुचारू रूप से हो सके। नई शुरू हुई इस सेवा के तहत बस रेलवे बस स्टेशन से रोजाना सुबह आठ बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी और दोपहर एक बजे आलमबाग पहुंचेगी। वहीं वापसी में बस शाम चार बजे लखनऊ से चलेगी और रात नौ बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
इस रूट के शुरू होने से छात्रों, नौकरी पेशा लोगों, मरीजों और व्यवसायिक यात्रियों को खास राहत मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें भीड़ और ट्रैफिक से जूझने की बजाय एक्सप्रेसवे के जरिये तेज, सुगम और समयबद्ध विकल्प मिलेगा। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि एक्सप्रेसवे मार्ग सुरक्षित, चौड़ा और सुगम मार्ग है, जो यात्रा को अधिक आरामदायक बनाता है। निगम का प्रयास है कि यात्रियों को समय पर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जाए, ताकि नियमित और लंबी दूरी के यात्रियों को भरोसेमंद परिवहन सुविधा मिल सके।