उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के हाता धुरिया गांव में एक युवक ने मामूली विवाद को लेकर एक बस चालक को चाकू मार दिया और भाग निकला। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग कुछ देर के लिए तो अवाक से रह गए। परिजनों ने घायल बस चालक को आनन फानन सीएचसी तमकुहीराज पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाना चाही तो परिजनों ने मना कर दिया। मौके पर पहुंचे एएसपी, एसडीएम और सीओ के काफी मान-मनौवल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। घटना को लेकर गांव के लोगों में आरोपी के खिलाफ आक्रोश है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाता धुरिया गांव के निवासी उमेश यादव (30) पुत्र गोपाल यादव शनिवार की सुबह अपने घर के सामने स्थित धुरिया कोट निवासी विशाल की दुकान पर कुछ सामान खरीदने गया था। वहां दोनों के बीच पूर्वजों की बात को लेकर कहासुनी होने लगी। उमेश निजी बस का चालक था। दोनों के बीच कहासुनी होते देख उमेश के परिजन उन्हें ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर बुला ले गए।
परिजनों के मुताबिक उमेश दरवाजे पर ही स्थित हैंडपंप पर नहाने चला गया। नहाकर वह जैसे ही घर में प्रवेश करता कि विशाल ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह लहूलूहान होकर वहीं पर गिर पड़ा। जिसके बाद विशाल वहां से भाग निकला। परिजनों ने उमेश को तड़पते हुए देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन उसे उठाकर सीएचसी तमकुहीराज ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उमेश की मौत की खबर मिलते ही गांव के लोग नाराज हो गए। लोगों ने उमेश का शव आरोपी के घर के बाहर रखकर उसकी तत्काल गिरफ्तारी एवं मृतक के बच्चों के भरण पोषण के लिए आर्थिक मदद की मांग करने लगे।
सूचना पर सेवरही थाने के एसओ रामअशीष सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने बुझाने में लग गए। इसी दौरान एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह, एसडीएम एआर फारुकी और सीओ फूलचंद कन्नौजिया भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के काफी समझाने बुझाने पर परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के चाचा छोटेलाल की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
इस संबंध में एएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।