गोरखपुर। खोराबार मेडिसिटी टाउनशिप योजना में अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को जीडीए ने बुलडोजर चलाया। गोरखपुर विकास प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया। यह निर्माण योजना के तहत प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण में बाधक बन रहा था।
जीडीए अधिकारियों के अनुसार, प्राधिकरण की भूमि पर सबरू यादव और जवाहर यादव ने अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण करा लिया था। मंगलवार को डीएम की ओर से नामित मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। जीडीए के मुख्य अभियंता किशन सिंह और अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में सहायक अभियंता एके तायल और धर्मेश तथा अवर अभियंता प्रभात कुमार, राकेश कुमार और संदीप सोनी शामिल रहे।