भू-माफिया कमलेश यादव के साथी के मैरिज हॉल पर चला बुलडोजर
- फोटो : अमर उजाला
भू-माफिया कमलेश यादव के साथी दीनानाथ प्रजापति के कुसम्ही बाजार स्थित आशीर्वाद मैरिज लॉन को बृहस्पतिवार को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। पुलिस की रिपोर्ट पर जीडीए ने बिना नक्शा पास कराए निर्माण कराने और इसका कुछ हिस्सा सीलिंग की जमीन पर होने का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की है।
दोपहर दो बजे से शुरू हुई कार्रवाई रात आठ बजे तक चली। इसके पहले कमलेश के आईटीआई कॉलेज, दीनानाथ के हॉस्टल समेत 129 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया जा चुका है। आरोप है कि कमलेश और दीनानाथ ने सीलिंग की जमीन बेचकर करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली। कई मामले सामने आने के बाद अब पुलिस इनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, भू-माफिया कमलेश यादव पर 44 और दीनानाथ पर 19 केस दर्ज हैं। दोनों की संपत्तियों को दो नवंबर को पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त किया गया था। बृहस्पतिवार को एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसडीएम चौरीचौरा प्रशांत वर्मा जीडीए की टीम के साथ आशीर्वाद मैरिज लॉन पहुंचे। दोपहर दो बजे से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई और रात आठ बजे पूरी हुई।