पीपीपी मोड पर प्रस्तावित गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की बहुप्रतीक्षित खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना में गोरखपुर ही नहीं बल्कि आगरा और लखनऊ के भी बिल्डरों ने रुचि दिखाई है।
सोमवार को इन बिल्डरों ने जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर, सचिव यूपी सिंह और प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह के साथ जीडीए में बैठक कर परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी जुटाई फिर मौके पर जाकर लोकेशन भी देखा। परियोजना में निवेश की संभावना तलाशने आए बिल्डरों ने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
आगरा के बिल्डर शोभिक गोयल, लखनऊ के नवदीप शर्मा, शालिमार समूह के आरिफ अहमद, लखनऊ के पवन जायसवाल, रितेंद्र सिंह, विशाल वैभव, गोरखपुर से शोभित मोहनदास अग्रवाल, दोपहर में जीडीए उपाध्यक्ष से मिलने पहुंचे। उपाध्यक्ष ने उन्हें परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी देने के साथ ही बताया कि यहां माईवान (बिना ईंट का प्रयोग किए एल्युमीनियम के ढांचे की सहायता से निर्माण) तकनीक से आवास बनाए जाने हैं।
जीडीए ने 10 से 12 मंजिल बनाने के प्रस्ताव की चर्चा की तो कई बिल्डरों ने चार मंजिल निर्माण का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वे सस्ते आवास बनाकर दे सकते हैं, जो किफायती और आम लोगों की पहुंच में होंगे। अनुमान लगाया गया कि पांच हजार आवास बनाए जा सकते हैं। बिल्डरों की तरफ से दिए गए सुझाव पर उपाध्यक्ष ने अमल करने का आश्वासन दिया।