गोरखपुर जिले में एक अजीबों गरीब मामला सामने आया है। यहां सगाई के समय लड़का, फिर शादी में गहने आदि पसंद न आने का हवाला देकर बृहस्पतिवार रात दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों को संभ्रात लोगों ने समझाने की कोशिश, लेकिन बात नहीं बनी तो बारात लौट गई। हालांकि, अभी किसी पक्ष ने पुलिस से मदद नहीं मांगी है। संभ्रात लोगों को उम्मीद है कि सुलह हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा इलाके के एक गांव से बरात पास के ही गांव में गई थी। जयमाल होने के बाद शादी की आगे की तैयारी चल रही थी। इसी बीच गहने और कपड़े पसंद न आने का हवाला देकर लड़की ने शादी से इनकार कर दिया।
इससे दोनों पक्ष परेशान हो गए और मामला सुलझाने की कोशिश करने लगे। लेकिन, लड़की के पिता भी उसके समर्थन में आ गए और पंचायत शुरू हो गई। बात नहीं बनने पर बरात लौट गई।
बताया जा रहा है कि एक महीने पहले दोनों की सगाई हुई थी। तब लड़की को लड़का पसंद नहीं था और उसने तभी शादी से इनकार कर दिया था। लेकिन, लड़की के घरवाले उसे समझा दिए और फिर वह शादी के लिए तैयार हो गई थी।