गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को अब वार्ड, ओपीडी और दवा काउंटर तलाशने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए ‘’मे आई हेल्प यू काउंटर’’ काउंटर बनाया जाएगा। यहां मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल की विभिन्न सेवाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाएगी। इसकी मदद से उन्हें संबंधित विभाग और काउंटर तक पहुंचने में आसानी होगी।
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ऐसे मरीज भी होते हैं, जिन्हें अस्पताल की व्यवस्था और विभिन्न विभागों की जानकारी नहीं होती। ओपीडी, वार्ड और दवा काउंटर तक पहुंचने में उन्हें परेशानी होती है।