मेगा कैंप में टीका लगावाती किशोरी।
- फोटो : अमर उजाला।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को जिले के स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इस मौके पर 18 से 59 वर्ष के 25 हजार लोगों को कोरोना टीके की बूस्टर डोज निशुल्क लगाई गई। इस आयु वर्ग के टीकाकरण की निशुल्क सुविधा 30 सितंबर तक सभी सरकारी बूथों पर उपलब्ध रहेगी। अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर कैंप का शुभारंभ सांसद और विधायकों ने किया।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि बूस्टर डोज के लिए जिला अस्पताल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपकेंद्र और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मेगा कैंप लगाए गए थे। सुबह से शाम तक 300 बूथों पर 25 हजार से अधिक लोगों ने बूस्टर डोज लगवाई है।
बताया कि कोरोना टीके की दोनों डोज लगवाने के बाद छह माह का समय पूरा कर चुके लोगों को बूस्टर डोज लगनी है। ऐसे लोगों की संख्या जिले में 28.64 लाख है। इसके सापेक्ष अब तक दो लाख से अधिक लोगों को बूस्टर डोज लग चुकी है। उन्होंने अपील की है कि लोग बूस्टर डोज लगवाने बूथों पर जरूर पहुंचे। टीका पूरी तरह से सुरक्षित और असरदार है।
इस दौरान एसीएमओ डॉ. नंद कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नंदलाल कुशवाहा, एसीएमओ डॉ. एके चौधरी, डॉ. अनिल सिंह, अमित श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
इन जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ
सीएमओ ने बताया कि एम्स गोरखपुर में सांसद रवि किशन, जिला अस्पताल में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, बसंतपुर पीएचसी पर महापौर सीताराम जायसवाल, खोराबार पीएचसी पर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह और कौड़ीराम पीएचसी पर विधायक डॉ. विमलेश पासवान ने अभियान का शुभारंभ किया।